शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश): शाहजहांपुर जिले के कलान तहसील क्षेत्र में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब युवक खेत से काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। अचानक बारिश शुरू होने पर वह बचाव के लिए एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया, लेकिन इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया।
यह घटना परौर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे उदयवीर खेत से घर लौट रहा था। रास्ते में मौसम खराब होने और तेज बारिश शुरू होने पर उसने पास के एक पेड़ के नीचे शरण ली। तभी तेज गड़गड़ाहट के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उदयवीर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि उदयवीर की शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी। युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, प्रशासन ने बताया कि दैवीय आपदा के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रिपोर्टर: महेन्द्र चावला
स्थान: शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश
