बहराइच (उत्तर प्रदेश): बहराइच जिले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी चैन स्नैचर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। नानपारा कोतवाली क्षेत्र में देर रात हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान असलम उर्फ साहिल उर्फ सुहैल के रूप में हुई है। वह एक महिला से मंगलसूत्र लूट के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी एक मुठभेड़ के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
देर रात क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और नानपारा पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्धों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान आरोपी पुलिस के संपर्क में आया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नानपारा भेजा गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर कार्रवाई की जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य आपराधिक मामलों तथा संभावित साथियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
रिपोर्टर: अनुज जायसवाल
स्थान: बहराइच, उत्तर प्रदेश
