एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक खूंखार कुत्ते के हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। अलग-अलग गांवों में कुत्ते ने चार लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद लोग घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कुत्ते ने सबसे पहले 90 वर्षीय श्रीपाल पर हमला किया। इसके बाद 3 वर्षीय मासूम आया, 6 वर्षीय नायरा और 32 वर्षीय राहुल भी कुत्ते के हमले का शिकार हो गए। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
लगातार एक के बाद एक हुए हमलों से मिरहची क्षेत्र के भूरिगमा तथा कोतवाली देहात क्षेत्र के लालगढ़ी और नंदगांव के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर भेजने में भी डर लग रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई कर कुत्ते को पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी और व्यक्ति पर हमला न हो।
फिलहाल संबंधित विभाग की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों की ओर से मामले में आवश्यक कदम उठाए जाने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश
