एटा। उत्तर प्रदेश के एटा मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों ने पार्किंग शुल्क को लेकर नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि एक रुपये के ओपीडी पर्चे के बावजूद वाहन पार्किंग के नाम पर 20 रुपये वसूले जा रहे हैं, जिससे गरीब और दूर-दराज से आने वाले मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
मरीजों का कहना है कि हर बार अस्पताल आने पर वाहन पार्किंग के लिए 20 रुपये का भुगतान करना पड़ता है। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि पार्किंग ठेकेदार के कर्मचारी जबरन शुल्क वसूलते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय तक इलाज कराने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बार-बार अस्पताल आना पड़ता है, जिससे पार्किंग शुल्क का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है।
मरीजों ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से पार्किंग व्यवस्था की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पार्किंग शुल्क निर्धारित नियमों के अनुसार है, तो इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जाए, और यदि अनियमितता है तो उस पर कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पार्किंग शुल्क को लेकर पार्किंग कर्मचारियों और तीमारदारों के बीच आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।
फिलहाल इस मामले में मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश
