Etah Police On High Alert Ahead Of Eid, SSP And SP Lead Flag March In Sensitive Areas
ईद पर्व को लेकर एटा पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर नजर आ रही है। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन और एसपी सिटी श्वेताभ पाण्डेय ने खुद मोर्चा संभाल लिया है।
इसी क्रम में मारहरा क्षेत्र के संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
पुलिस द्वारा चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की गहन जांच की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की भी लगातार निगरानी कर रहा है।
फ्लैग मार्च के दौरान सीओ सदर संकल्पदीप कुशवाह समेत थाना पुलिस बल के अधिकारी और जवान मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए ईद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है।
