Big Relief For Farmers In Hapur As 1140 Metric Ton Urea Supply Arrives For Kharif Season
हापुड़ जनपद में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद की किल्लत से राहत देने के लिए बड़ी मात्रा में यूरिया की आपूर्ति पहुंची है। जनपद के रेक प्वाइंट पर के.एफ.एल. की 1140 मीट्रिक टन यूरिया प्राप्त हुई है। यूरिया की खेप पहुंचने के बाद जिला कृषि अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
बताया गया कि किसानों को वर्तमान खरीफ सीजन में यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए जिलाधिकारी हापुड़ के निर्देश पर लखनऊ मुख्यालय से लगातार संपर्क किया जा रहा था। इसी प्रयास के तहत यह बड़ी आपूर्ति जनपद को प्राप्त हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, नई खेप मिलने के बाद अब जनपद में कुल 7720 मीट्रिक टन यूरिया यानी करीब 1 लाख 71 हजार बैग उपलब्ध हैं। इसके अलावा लगभग 3170 मीट्रिक टन डीएपी खाद यानी करीब 63 हजार बैग भी मौजूद हैं, जो वर्तमान खरीफ मौसम की जरूरतों के लिए पर्याप्त माने जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री द्वारा खाद उपलब्धता की नियमित समीक्षा की जा रही है और मांग के अनुसार जनपदों में लगातार आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है।
प्रशासन ने साफ किया है कि खाद की कालाबाजारी, ओवररेटिंग और टैगिंग किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी प्रतिदिन खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसानों को समय पर उचित दरों पर खाद मिल सके।
