Missing Man Found Hanging From Tree In Etawah, Family Alleges Murder
इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र में 30 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार नगला वर निवासी रंजीत राजपूत सोमवार को घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार को मानिकपुर गांव के जंगल में उसका शव शीशम के पेड़ से लटका मिला।
शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों का आरोप है कि प्लॉट विवाद को लेकर रंजीत की हत्या की गई है और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
