Villagers Protest Liquor Shop Near Hostel In Burhanpur, Warn Of Agitation
बुरहानपुर: जिला मुख्यालय के समीप ग्राम फतेपुर में आदिम जाति कल्याण विभाग के छात्रावास के पास संचालित हो रही शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि छात्रावास के नजदीक देशी-विदेशी शराब दुकान खुलने से बच्चों की पढ़ाई और भविष्य पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर शराब दुकान को तत्काल हटाने की मांग की है। पूर्व उपसरपंच तोताराम खंडेराव ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2026 के नए शराब ठेके के बाद ठेकेदार जितेंद्र वास्कले द्वारा छात्रावास के समीप कंपोजिट शराब दुकान शुरू की गई है। छात्रावास में रहने वाले बच्चों और छात्राओं के बीच शराब दुकान संचालित होने से अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षा के वातावरण में इस तरह शराब दुकान का संचालन प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है और इससे सामाजिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
वहीं इस मामले में आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त भारत जांचपूरे ने माना कि छात्रावास के पास शराब दुकान नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से चर्चा की जा रही है। हालांकि अब तक किसी ठोस कार्रवाई की घोषणा नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है।
