एटा। कोतवाली नगर पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजय नगर कॉलोनी स्थित एक मकान में छापेमारी कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, ताश की गड्डियां और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर जुआरियों के अड्डे पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान मकान के अंदर जुआ खेल रहे 11 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
छापेमारी में पुलिस ने ₹1,02,800 नकद, ताश की तीन गड्डियां और छह मोबाइल फोन बरामद किए। इस कार्रवाई के बाद इलाके में जुआरियों के बीच हड़कंप मच गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
