बरेली। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बरेली में भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिली। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह को राखी बांधी और उनके दीर्घायु तथा सफल नेतृत्व की कामना की।
राखी बांधने के बाद जिलाधिकारी ने सभी महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्नेह और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सहयोग और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।
जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य पूरे जनपद के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
रक्षाबंधन के इस आयोजन ने प्रशासन और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बीच विश्वास और अपनत्व को और मजबूत किया तथा समाज में महिला सशक्तिकरण और भाईचारे का सकारात्मक संदेश दिया।
