नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान जारी विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से सदन में हंगामा करने के बजाय परीक्षा सुधार से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयक पर चर्चा करने की अपील की है।
सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिजिजू ने कहा कि सरकार ‘पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026’ लोकसभा में पेश कर रही है। उनका कहना है कि यह विधेयक देशभर के छात्रों की चिंताओं को दूर करने, पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लाया गया है।
रिजिजू ने आरोप लगाया कि विपक्ष इस अहम मुद्दे पर चर्चा करने के बजाय सदन में हंगामा कर रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े विषय पर सभी दलों को राजनीति से ऊपर उठकर सार्थक बहस करनी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए घोषित कदमों पर भी विचार करने की अपील की। उन्होंने बताया कि सरकार ने परीक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एक उच्च स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है और भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कानून को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
रिजिजू ने कहा कि संसद लोकतांत्रिक चर्चा का मंच है और सरकार चाहती है कि सभी दल इस महत्वपूर्ण विधेयक पर अपने सुझाव रखें, ताकि देश के छात्रों के हित में मजबूत और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली बनाई जा सके।
