गुलाबी नगरी जयपुर एक बार फिर अपनी ऐतिहासिक विरासत और गंगा-जमुनी तहज़ीब के लिए चर्चा में रही। शनिवार को ईद-उल-फितर के मौके पर शहर में भाईचारे और सौहार्द की एक मिसाल देखने को मिली, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया।
रमजान के 30 मुकद्दस रोजों के पूरा होने के बाद मनाई गई ईद इस बार केवल खुशियों और मिठास तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने समाज में एकता और आपसी सम्मान का मजबूत संदेश भी दिया।दिल्ली रोड स्थित ईदगाह पर सुबह करीब 9 बजे हजारों मुस्लिम अकीदतमंद नमाज अदा करने के लिए एकत्र हुए।
इसी दौरान एक भावुक और गौरवपूर्ण दृश्य देखने को मिला, जब हिंदू-मुस्लिम एकता समिति के बैनर तले हिंदू समुदाय के लोगों ने नमाजियों पर फूलों की बारिश कर उनका स्वागत किया।यह नजारा न केवल वहां मौजूद लोगों के लिए यादगार बन गया, बल्कि पूरे शहर में एक सकारात्मक संदेश भी छोड़ गया।इतिहास के पन्नों में भी जयपुर हमेशा से सांप्रदायिक सौहार्द और साझा संस्कृति का प्रतीक रहा है।
महाराजा सवाई जयसिंह द्वारा बसाए गए इस शहर में मंदिर और मस्जिदों का साथ-साथ अस्तित्व इस बात का प्रमाण है कि यहां विविधता में एकता की परंपरा सदियों से कायम है।शनिवार को ईदगाह में हुआ यह फूलों का स्वागत उसी विरासत का आधुनिक रूप था, जिसने यह साबित किया कि बदलते दौर में भी जयपुर अपनी पहचान और मूल्यों को संजोए हुए है।
