Chhatarpur Bandh Over Toriya Incident, Traders Demand Bulldozer Action Against Accused
छतरपुर। छतरपुर के टौरिया मोहल्ला कांड को लेकर बुधवार को सर्व समाज और व्यापारी संगठनों के आह्वान पर शहर बंद का व्यापक असर देखने को मिला। बंद के दौरान व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा उनके घरों पर बुल्डोजर चलाने की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, करीब दस दिन पहले टौरिया मोहल्ले में एक सड़क दुर्घटना के बाद विवाद उत्पन्न हो गया था, जिसने बाद में गंभीर रूप ले लिया। घटना के विरोध में व्यापारिक संगठनों और सर्व समाज ने शहर बंद का आह्वान किया था।
बंद के दौरान शहर के प्रमुख बाजार पूरी तरह बंद रहे, जबकि कुछ अन्य क्षेत्रों में आंशिक रूप से दुकानें खुली दिखाई दीं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने शहर के विभिन्न हिस्सों में भारी पुलिस बल तैनात किया था।
व्यापारियों और समाज के प्रतिनिधियों ने बाजार क्षेत्र में प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर छतरपुर एसडीएम प्रशांत अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और अवैध निर्माण पाए जाने पर बुल्डोजर कार्रवाई की जाए।
पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। अब तक कांग्रेस नेता सहित उनके परिजनों और अन्य आरोपियों को मिलाकर कुल 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इधर जिला प्रशासन ने आरोपियों के मकानों की जांच और नाप-तौल की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कुछ मकान शासकीय नजूल भूमि पर निर्मित पाए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल टौरिया कांड को लेकर शहर में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज है। व्यापारिक संगठनों का कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
