Cattle Shelter Worker Found Murdered In Jaunpur, Police Probe Underway
जौनपुर। जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में एक गौशाला कर्मी की हत्या से सनसनी फैल गई। सुरहुरपुर गांव स्थित गौशाला के पास रविवार सुबह एक मजदूर का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान चकबहादुर उर्फ भुवर सरोज निवासी निगोह, थाना बरसठी के रूप में हुई है। वह पिछले कई महीनों से सुरहुरपुर गांव की गौशाला में मजदूरी का कार्य कर रहा था।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने गौशाला के मुख्य गेट के पास उसका शव पड़ा देखा। शव खून से लथपथ था और मृतक के सिर व चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। आशंका जताई जा रही है कि लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या की गई है।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जलालपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं।
