उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज बुलंदशहर पहुंचे। उन्होंने दिवंगत विधायक अनिल शर्मा के आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला।
डिप्टी सीएम ने कहा – “मैं अनिल शर्मा जी को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। 2027 के चुनाव का शंखनाद हो चुका है। उत्तर प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीतकर भाजपा फिर से सरकार बनाएगी।”
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का उत्तर प्रदेश में 2047 तक कोई राजनीतिक भविष्य दिखाई नहीं देता। सपा दंगाइयों, माफिया और गुंडों की पार्टी है। सपा के पास बूथ स्तर पर गुंडे हैं और भाजपा बूथ स्तर पर मजबूत पार्टी है।
केशव मौर्य ने कहा कि बूथ स्तर पर जब गुंडों का कब्जा होता था और चुनाव आयोग व्यवस्था नहीं कर पाता था तब चुनाव जीते जा सकते थे, लेकिन अब आयोग समुचित व्यवस्था करता है।
AI वीडियो विवाद पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का चरित्र घटिया रहता है और अगर कोई घटिया AI वीडियो सपा प्रसारित करती है तो उसका जवाब भाजपा का मीडिया सेल संयमित भाषा में देगा।
उन्होंने चुनौती देते हुए कहा – “अगर सपा के पास विचारधारा है, बूथ स्तर पर कार्यकर्ता है तो आकर भाजपा के साथ मैदान में चुनाव लड़ ले। अखिलेश यादव फर्जी PDA के रथ की बात कर रहे हैं, उनके फर्जी PDA की हवा निकल चुकी है। समाजवादी पार्टी का भविष्य खत्म हो चुका है और आने वाले समय में सपा सैफई की पार्टी बनकर रह जाएगी।”
सपा को वोट देने पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा – “सपा को वोट देने का मतलब है ‘आ बैल मुझे मार’ और गुंडागर्दी को आमंत्रित करना।”
भाजपा के गठबंधन और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपा गठबंधन को लेकर कोई भ्रम नहीं है। “जो लोग कमजोर करते हैं उनको लोग छोड़कर चले गए हैं, हमने किसी को कमजोर नहीं किया, हमने मजबूत करने का काम किया है।
उन्होंने दोहराया कि 2027 में पार्टी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी और जीतेगी।
