बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक बड़ा हादसा सामने आया है। अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए बदरपुर लेकर जा रहा एक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर झुग्गी पर पलट गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, झुग्गी के अंदर एक बच्चे के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए हैं।
घटना की सूचना पर एसडीएम, सीओ और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासन जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर बच्चे और अन्य संभावित फंसे लोगों की तलाश में जुटा है।
फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रशासन की ओर से अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
स्थान: अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र, एलडीएवी इंटर कॉलेज के पास, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
