Body Found Stuffed In Sacks In Surajpur, Murder Suspected
सूरजपुर। सूरजपुर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति का शव दो बोरों में बंधा हुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तीवरागुड़ी सरनापारा में सोमवार सुबह ग्रामीणों ने बिजली के खंभे के पास संदिग्ध हालत में दो बोरे पड़े देखे। जब लोग नजदीक पहुंचे तो बोरों के भीतर एक व्यक्ति का शव बंधा हुआ मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल गांव के पूर्व सरपंच को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही रामानुजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव पर चोट के निशान पाए गए हैं, विशेष रूप से सिर पर गंभीर चोट के संकेत मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
