Three Dogs Electrocuted After 11 KV Power Line Snaps In Bulandshahr
बुलंदशहर। बुलंदशहर जिले के गुलावठी क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। गांव खुशहालपुर में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार टूटकर गिर जाने से तीन कुत्तों की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा गुलावठी विद्युत उपकेंद्र-2 के अंतर्गत आने वाले खुशहालपुर फीडर क्षेत्र में हुआ। गांव खुशहालपुर में एक खेत के पास अचानक 11 केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। उसी दौरान वहां मौजूद तीन कुत्ते करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। समय रहते बिजली सप्लाई बंद होने से किसी बड़े हादसे की संभावना टल गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगे बिजली के तार काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक उनका दुरस्तीकरण नहीं किया गया है। लोगों का कहना है कि जर्जर तार आए दिन टूटकर गिरते रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
घटना के बाद क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हो गई और कई घंटों तक बिजली व्यवस्था बाधित रही। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द तारों को बदलने और स्थायी समाधान करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर तारों को नहीं बदला गया तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल बिजली विभाग द्वारा लाइन सुधारने का कार्य किया जा रहा है।
