बहराइच (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में महिला के साथ हुई चैन स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, देर रात क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और थाना मटेरा पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्ध अपराधियों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मटेरा-शंकरपुर नानपारा रोड स्थित बिलवा नहर मोड़ के पास दो संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल आरोपी हाल ही में हुई महिला से चैन स्नैचिंग की घटना में शामिल था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह कई मामलों में वांछित भी चल रहा था।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही हैं। पुलिस का कहना है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक बहराइच समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरी कार्रवाई की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: चंदन सिंह
स्थान: बहराइच, उत्तर प्रदेश
