कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के रावतपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां घर में अकेली रह रही 58 वर्षीय महिला की कथित तौर पर लूटपाट के बाद हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला के शव को कुर्सी पर बैठी अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक निजी स्कूल के पास रहने वाले शिवमंगल कुशवाहा अपनी पत्नी उमा कुशवाहा के साथ मकान के निचले हिस्से में रहते हैं, जबकि ऊपरी मंजिल पर किराएदार निवास करते हैं। घटना के समय उमा कुशवाहा घर में अकेली थीं।
देर शाम जब किराएदार पानी की मोटर चालू करने के लिए नीचे पहुंचे तो उन्होंने उमा कुशवाहा को कुर्सी पर बैठे देखा। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने तुरंत शिवमंगल कुशवाहा को सूचना दी।
सूचना मिलते ही शिवमंगल घर पहुंचे। शुरुआत में उन्हें लगा कि पत्नी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, लेकिन पास जाकर देखने पर उनके गले पर काले-नीले निशान दिखाई दिए। वहीं घर के अंदर सामान भी बिखरा हुआ था, जिससे लूटपाट के बाद हत्या किए जाने की आशंका और मजबूत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर देर रात करीब 11 बजे डीसीपी वेस्ट एच.एस. कासिम आब्दी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घर में कौन दाखिल हुआ, क्या-क्या सामान लूटा गया और इस सनसनीखेज वारदात के पीछे किसका हाथ है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
