गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश): गाजियाबाद के भोजपुर थाने से पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लाया गया आरोपी पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश के लिए सात विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार, आरिफ नाम के आरोपी को चोरी के मामले में पूछताछ के लिए भोजपुर थाने लाया गया था। इसी दौरान उसने किसी तरह अपनी हथकड़ी खोल ली और थाना परिसर की दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया। जब तक पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी मिली, तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुका था।
आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले की सात पुलिस टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है। प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर भोजपुर थाना प्रभारी गिरिराज किशोर को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि भोजपुर थाना क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह के दौरान चोरी की चार अलग-अलग घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में चोरी के मामले में हिरासत में लिया गया आरोपी का थाने से फरार हो जाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश युद्ध स्तर पर जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, घटना में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
रिपोर्टर: चंदन सिंह
स्थान: गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश
