ललितपुर: शहर के आजादपुरा इलाके में पेयजल संकट को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा सामने आया। घरों में नलों से पानी नहीं आने से परेशान नागरिक कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले नई पाइपलाइन तो बिछा दी गई, लेकिन उसे अब तक जलापूर्ति प्रणाली से नहीं जोड़ा गया है। वहीं पुरानी पाइपलाइन से भी पानी की सप्लाई बंद है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पानी की किल्लत के कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द नई पाइपलाइन को चालू करने या वैकल्पिक व्यवस्था कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
फिलहाल प्रशासन से समस्या के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्ट: अभिषेक दीक्षित, ललितपुर
