औरैया: जिले के बहुचर्चित डबल मर्डर केस में आज, 19 अगस्त 2026, विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट अपना फैसला सुनाएगी। करीब 6 साल 5 माह से चल रहे इस मामले पर आज सभी की निगाहें टिकी हैं।
यह मामला 15 मार्च 2020 का है, जब पंचमुखी हनुमान मंदिर में जमीन विवाद को लेकर हुई कहासुनी के बाद अधिवक्ता मंजुल चौबे और उनकी चचेरी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान 900 से अधिक तारीखें पड़ीं और अभियोजन व बचाव पक्ष की ओर से 72 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। मामले में समाजवादी पार्टी के पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक समेत 11 अन्य आरोपियों के खिलाफ विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई हुई।
दोनों पक्षों की अंतिम दलीलें पूरी होने के बाद न्यायालय ने 19 अगस्त 2026 को फैसला सुनाने की तारीख तय की थी। आज विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश विनय प्रकाश सिंह इस चर्चित मामले में अपना निर्णय सुनाएंगे।
फैसले को लेकर अभियोजन और बचाव पक्ष के साथ-साथ पूरे जिले की नजरें अदालत के निर्णय पर टिकी हुई हैं।
रिपोर्ट: आशुतोष अवस्थी, औरैया
