एटा: निधौली कलां क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती से परेशान किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। आधा दर्जन से अधिक गांवों के किसान अरुणा नगर स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे और बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
किसानों का आरोप है कि पिछले 48 घंटों में उन्हें केवल करीब 8 घंटे ही बिजली मिली, वह भी रुक-रुक कर। उनका कहना है कि पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से मक्का और ज्वार की फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे फसलों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि नगला दुबे-सोंगरा फीडर पर लगातार बिजली गुल रहने की समस्या बनी हुई है। उनका आरोप है कि पिछले दो वर्षों से इस समस्या की शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने मांग की कि फीडर व्यवस्था में जल्द सुधार किया जाए और संबंधित गांवों को निधौली फीडर से जोड़कर नियमित एवं पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
