Ayodhya Blind Murder Case Solved
अयोध्या: बीकापुर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने किन्नर अभिषेक दुबे उर्फ रिंकी मिश्रा की हत्या के आरोप में उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक डॉ. बलवंत चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक अभिषेक दुबे किन्नर समुदाय से जुड़ा था और शादी-विवाह कार्यक्रमों में नेग मांगने का काम करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि अभिषेक का प्रभाव और कामकाज लगातार बढ़ रहा था, जिससे उसके साथ रहने वाले कुछ लोग उससे जलन रखने लगे थे।
पुलिस के मुताबिक 10 मई को अभिषेक ने बड़े स्तर पर अपना जन्मदिन मनाया था, जिसमें करीब एक हजार लोग शामिल हुए थे। इसी के बाद विवाद बढ़ा और साजिश रची गई।
जांच में खुलासा हुआ कि अंशु मौर्य, नताशा किन्नर और विजय ढोलकिया ने मिलकर अभिषेक के साथ मारपीट की। गंभीर हालत में उसे विट्ठलपुर गांव के पास छोड़ दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर था और सुराग जुटाने के लिए पुलिस व एसओजी टीम को लगातार चार दिन तक कड़ी मेहनत करनी पड़ी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, कैंची, हत्या में इस्तेमाल सामान, एक कार, एक बाइक और 220 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
मामले के सफल खुलासे पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बीकापुर पुलिस और एसओजी टीम को इनाम देने की घोषणा की है।
