One Killed, Two Injured in Bike Accident Near Jasarathpur
एटा: जिले के जसरथपुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दहेलिया पूठ गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सड़क पर फिसलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत घायलों को संभाला और इलाज के लिए अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां से भी हालत नाजुक होने पर घायलों को आगरा हायर सेंटर भेजा गया।
बताया जा रहा है कि आगरा ले जाते समय रास्ते में संजय निवासी मुंशीनगर, पटियाली (कासगंज) ने दम तोड़ दिया। वहीं उसकी पत्नी नन्ही देवी और प्रदीप का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
