औरैया, उत्तर प्रदेश। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए औरैया में प्रचार अभियान शुरू कर दिया गया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश मयंक चौहान ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जनपद के गांवों और शहरों में पहुंचकर लोक अदालत का संदेश लोगों तक पहुंचाएगा।
प्रचार वाहन के माध्यम से आमजन को लोक अदालत में मामलों के त्वरित और आपसी सहमति से निस्तारण के लाभों की जानकारी दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को लोक अदालत से जोड़ना और लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रोमा गुप्ता ने लोगों से अपील की कि वे 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से बिना लंबी कानूनी प्रक्रिया और अतिरिक्त खर्च के आपसी सहमति से विवादों का समाधान संभव है।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत का मूल संदेश है—“न किसी की जीत, न किसी की हार, विवाद खत्म और रिश्तों में बनी रहे बहार।” ऐसे मंच पर दोनों पक्षों की सहमति से मामलों का निपटारा किया जाता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नागरिकों से राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
रिपोर्ट: आशुतोष अवस्थी
स्थान: औरैया, उत्तर प्रदेश (4TV News)
