बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश। बुलंदशहर के खुर्जा नगर क्षेत्र में एक ट्रांसफार्मर में तेज धमाका होने के बाद उसमें बड़ा छेद हो गया, जिससे ट्रांसफार्मर का तेल बाहर निकलने लगा। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में तेल इकट्ठा करने की होड़ मच गई। कई लोग अपनी जान जोखिम में डालकर बोतलों और अन्य बर्तनों में ट्रांसफार्मर से निकल रहा तेल भरते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह घटना खुर्जा नगर क्षेत्र स्थित एलआईसी कार्यालय के बाहर की है। वायरल वीडियो में लोग बिना किसी सुरक्षा के ट्रांसफार्मर के पास पहुंचकर तेल एकत्र करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी रही।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना विद्युत विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद ट्रांसफार्मर की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, ट्रांसफार्मर के पास इस तरह लोगों का जमा होना और तेल इकट्ठा करना बेहद जोखिम भरा माना जा रहा है।
विद्युत विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिजली उपकरणों में खराबी या हादसे की स्थिति में उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी प्रकार की जोखिम भरी गतिविधि से बचें। ऐसे मामलों की तत्काल सूचना विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्ट: 4TV News
स्थान: खुर्जा, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
