सीतापुर। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परसेंडी में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में कई गंभीर खामियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों के पर्चों की जांच की। इस दौरान कई पर्चों में बीमारी का सही विवरण दर्ज नहीं पाया गया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्होंने संबंधित दो चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
टीकाकरण अभिलेखों की जांच में भी अनियमितताएं सामने आईं। रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एएनएम का 15 दिनों का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा मरीजों की जांच प्रक्रिया और अभिलेखों के रखरखाव में कमियां मिलने पर जिलाधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक (एमओआईसी) को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही उनके खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में भी कमी मिली, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के निरीक्षण में भी लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित एमओआईसी का 15 दिनों का वेतन रोकने/काटने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने स्पष्ट कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग
स्थान: सीतापुर, उत्तर प्रदेश
