Ashok Kharat Case: Son Detained in Maharashtra, SIT Intensifies Probe
महाराष्ट्र: के नासिक में महिलाओं के यौन शोषण के आरोपों में गिरफ्तार तथाकथित भोंदू बाबा अशोक खरात का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। जांच के दौरान नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में विशेष जांच टीम (SIT) ने मंगलवार शाम उनके बेटे हर्षवर्धन खरात को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, एसआईटी टीम ने नासिक के कर्मयोगी नगर स्थित तृप्तबाला बंगले से हर्षवर्धन को हिरासत में लिया। बताया गया कि शुरुआत में टीम को बंगले में प्रवेश करने से रोका गया, जिसके बाद अधिकारियों ने पड़ोसी मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में तीन महिला और एक पुरुष अधिकारी शामिल थे।
हर्षवर्धन को पूछताछ के लिए महाराष्ट्र पुलिस अकादमी ले जाया गया है। माना जा रहा है कि उससे पूछताछ में अशोक खरात की संपत्तियों और अन्य गतिविधियों से जुड़े अहम राज सामने आ सकते हैं।
इस बीच पुलिस अशोक खरात की पत्नी कल्पना की भी तलाश कर रही है, जो फिलहाल फरार बताई जा रही हैं। एसआईटी टीम को वह घर पर नहीं मिलीं।
वहीं, पड़ोसी अहिल्यानगर जिले में पुलिस ने अशोक खरात, उनकी पत्नी और अन्य लोगों के खिलाफ एक भूस्वामी से 4 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज किया है। इस मामले में दो आरोपियों—अरविंद बावके और किरण सोनावाने—को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अशोक खरात की पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
