सुल्तानपुर में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़,1बदमाश गोली लगने से घायल,कुल 3 शातिर गिरफ्तार,लाखों के चोरी के जेवरात, अवैध असलहा व बाइक बरामद
सुल्तानपुर के थाना अखण्डनगर इलाके में पुलिस और बेखौफ बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहे बदमाशों पर पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करके कुल 3 शातिर अपराधियों को दबोच लिया है।”
पूरा मामला सुलतानपुर के थाना अखण्डनगर क्षेत्र का है, जहां पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान चला रही थी।
तभी एक बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं।
जवाबी कार्रवाई में 24 वर्षीय शातिर अपराधी विपिन निषाद उर्फ हाईलैण्ड पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसके दो अन्य साथियो नागेंद्र उर्फ बबलू और नीरज को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल हुआ विपिन उर्फ हाईलैण्ड एक हिस्ट्रीशीटर किस्म का अपराधी है, जिस पर चोरी, नकबजनी, NDPS और पॉक्सो एक्ट समेत 10 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे अभियुक्त नागेंद्र पर भी जौनपुर और सुल्तानपुर में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।”
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह इलाके में चोरी और छिनैती की वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल घायल बदमाश का इलाज जारी है और पुलिस तीनों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
