Ambedkar Jayanti Insult Sparks Outrage, Case Filed Under SC-ST Act
मध्यप्रदेश: के बैतूल जिले से एक बेहद निंदनीय और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के दिन ही उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली हरकत ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश की लहर पैदा कर दी।
बताया जा रहा है कि मुलताई क्षेत्र के वंडली निवासी एक युवक ने बाबा साहेब की फोटो पर जूते रखकर न सिर्फ उसका अपमान किया, बल्कि उसे फाड़ते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट भी कर दिया।
इस आपत्तिजनक वीडियो के वायरल होते ही बहुजन समाज सहित बाबा साहेब के अनुयायियों में जबरदस्त रोष फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मुलताई थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
आक्रोशित लोगों ने स्पष्ट कहा कि इस तरह की हरकत समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुयायियों ने एसडीओपी एस.के. सिंह से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एससी- एसटी एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है, वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है, लेकिन सवाल यही है कि आखिर जयंती के दिन ही इस तरह की शर्मनाक हरकत क्यों और कैसे हुई।
