रिपोर्ट: जीशान अख्तर | 4TV News, बांदा
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में न्यायालय में पेशी के दौरान फरार हुए कैदी को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, संजय नामक कैदी एनडीपीएस एक्ट के मामले में बांदा जेल में निरुद्ध था। न्यायालय में पेशी के दौरान वह लघुशंका का बहाना बनाकर न्यायालय परिसर से फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस का दावा है कि घटना के 48 घंटे के भीतर चिल्ला और तिंदवारी थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर तिंदवारी थाना क्षेत्र के मिरगहनी पुल के पास आरोपी को घेर लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है।
