रिपोर्ट: रिजवान अंसारी | 4TV News
गाजीपुर। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत विभाग की कई टीमों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की।
एफएसडीए अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान विभिन्न मिठाई की दुकानों से 11 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान टीम ने लगभग 20 किलोग्राम खराब एवं संदिग्ध मिठाइयों को नष्ट भी कराया। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश दिए।
एफएसडीए का कहना है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मिलावटखोरी रोकने के लिए जिले में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
