सूरजपुर: जिले में कथित झोलाछाप चिकित्सकों के संचालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में भैयाथान जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत बुंदिया स्थित एक मेडिकल दुकान में एक मरीज को फर्श पर लिटाकर उपचार करते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में मेडिकल दुकान की आड़ में कथित रूप से इलाज किया जा रहा है। हालांकि संबंधित व्यक्ति की चिकित्सकीय योग्यता और इलाज करने की वैध अनुमति की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
इस घटना ने यह सवाल भी खड़ा किया है कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की उपलब्धता के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में लोग निजी और कथित झोलाछाप चिकित्सकों का सहारा क्यों ले रहे हैं।
वायरल वीडियो को स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
