राजनांदगांव: जिले के डोंगरगढ़ स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग के पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में कथित रूप से बिना अनुमति दर्जनों पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद आदिम जाति कल्याण विभाग ने मामले की जांच के आदेश देते हुए टीम गठित कर दी है।
जानकारी के अनुसार, तत्कालीन छात्रावास अधीक्षक आशीष भागड़कर पर आरोप है कि उन्होंने विभागीय और राजस्व विभाग की स्वीकृति के बिना छात्रावास परिसर में लगे पेड़ों की कटाई करवा दी। आरोप यह भी है कि कटे हुए पेड़ों की लकड़ी को प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास में ईंधन के रूप में उपयोग करने की तैयारी की गई थी।
मामले की शिकायत छात्रों द्वारा किए जाने के बाद यह मामला आदिम जाति कल्याण विभाग तक पहुंचा। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त दीक्षा गुप्ता ने जांच टीम गठित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।
विभाग का कहना है कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन या किसी प्रकार की लापरवाही की पुष्टि होती है, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि संबंधित अधीक्षक आशीष भागड़कर वर्तमान में कोठीटोला छात्रावास में पदस्थ हैं।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पेड़ों की कटाई नियमों के अनुरूप हुई थी या नहीं तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।
