राजनांदगांव: जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोठीटोला के आश्रित ग्राम नवागांव के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के करीब 90 पात्र परिवारों से प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम शामिल कराने और फाइल तैयार करने के नाम पर प्रत्येक हितग्राही से एक-एक हजार रुपये लिए गए। शिकायत में रोजगार सहायक दिलीप चौधरी, इंजीनियर प्रदीप खरे और कोटवार सरकाश लाउने पर वसूली के आरोप लगाए गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत कर्मियों ने घर-घर जाकर सत्यापन किया, फोटो लिए और आश्वासन दिया कि उनका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में शामिल है। लेकिन 24 जून को आयोजित ग्रामसभा में जब पात्र हितग्राहियों की सूची पढ़ी गई, तब इन 90 परिवारों का नाम उसमें नहीं था।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कथित वसूली की जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा सभी 90 पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में शामिल किया जाए। इसके साथ ही रोजगार सहायक और पंचायत सचिव को हटाने की भी मांग की गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जिला मुख्यालय में भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
लाइफलाइन: यह आरोप ग्रामीणों द्वारा लगाए गए हैं। मामले में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
