सूरजपुर। रामानुजनगर थाना पुलिस ने आठ दिनों के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। तीवरागुड़ी क्षेत्र में बोरे में बंधा मिला 45 वर्षीय व्यक्ति का शव हत्या का मामला निकला, जिसमें मृतक का बेटा ही मुख्य आरोपी निकला।
पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले शव की पहचान 45 वर्षीय शिव प्रसाद सिंह (गोंड) निवासी चिरमी बचरापोड़ी, थाना बैकुंठपुर के रूप में हुई थी। जांच के दौरान सामने आया कि शिव प्रसाद सिंह की हत्या 10 तारीख की रात उसके ही घर में की गई थी।
आरोप है कि बेटे ने टांगी और लोढ़ा से हमला कर पिता की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को छिपाने की साजिश रची गई और 11 तारीख की रात शव को बोरे में भरकर तीवरागुड़ी क्षेत्र में फेंक दिया गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि शव को ठिकाने लगाने में आरोपी बेटे के मौसा और एक दोस्त ने भी सहयोग किया। वहीं मृतक की पत्नी ने भी साक्ष्य छिपाने में मदद की थी।
मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि मृतक का अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अक्सर विवाद होता था। वह परिजनों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और प्रताड़ना करता था।
पुलिस के मुताबिक, मृतक अपनी पत्नी को छोड़ चुका था और लंबे समय से परिवार में तनाव का माहौल था। इसी बात को लेकर परिजनों में नाराजगी बढ़ती गई और मौका मिलते ही उसकी हत्या कर दी गई।
रामानुजनगर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और जांच के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मामले के खुलासे की सराहना की जा रही है।
