NEET Paper Leak Sparks Political Row, C.P. Rai Targets Modi Government
अब मोदी सरकार नहीं चलेगी : सीपी राय
बोले कांग्रेस नेता – भारत के नौजवानों की आकांक्षाओं के साथ बार-बार खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं होगा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सीपी राय, पूर्व मंत्री ने कहा है कि नीट यूजी 26 परीक्षा में हुए पेपर लीक के कारण लाखों छात्रों के सपने चूर-चूर हो गए। 22 लाख से ज्यादा नौजवानों ने सालों मेहनत की, रात-दिन की पढ़ाई की और परिवार की कुर्बानियों के बाद इस परीक्षा को दिया, लेकिन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की नाकामी और लापरवाही ने पूरे सिस्टम को भ्रष्ट कर दिया। नतीजतन कई मासूम नौजवानों ने हताशा में आत्महत्या कर ली।
डॉ. राय ने कहा कि आकांक्षा चतुर्वेदी जैसी बेटी, जो किसान पिता की आंखों का तारा थी, प्रदीप मेघवाल, रितिक मिश्रा और अन्य युवा सपनों को लेकर दुनिया से चले गए। इन युवा मौतों की जिम्मेदारी सीधे धर्मेंद्र प्रधान पर है, जिनके मंत्रालय ने एनटीए को बार-बार फेल होने दिया है। दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि ये नौजवानों की जिंदगी बर्बाद करने वाले मंत्री अब भी बेशर्मी से कुर्सी पर बैठे हैं।
डॉ. राय ने कहा कि सवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से है कि आप धर्मेंद्र प्रधान को क्यों बचा रहे हैं? क्या एक मंत्री की कुर्सी नौजवानों की जिंदगीयों से ज्यादा कीमती है? क्या इन युवा मौतों की नैतिक जिम्मेदारी लेने की हिम्मत भी नहीं है? धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए खुद इस्तीफा देना चाहिए, न कि प्रधानमंत्री उन्हें बचाने की कोशिश करें।
डॉ. राय ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी तब तक चुप नहीं बैठेगी जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते और एनटीए को पूरी तरह भंग कर नया, पारदर्शी सिस्टम नहीं बनाया जाता। मोदी जी, युवा भारत आपसे जवाब मांग रहा है। जवाब इस बात का भी मांग रहा है कि भाजपा सरकार में इतने पेपर लीक होते क्यों हैं?
