Incomplete Divider from Ganpati Police Station to Shanwara Causes Daily Traffic Chaos, Residents Frustrated
बुरहानपुर: शहर में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार अब आम जनता के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। गणपति थाना से लेकर शनवारा चौराहे तक पिछले करीब छह महीनों से डिवाइडर निर्माण का कार्य चल रहा है, लेकिन आज तक यह पूरा नहीं हो पाया है। नतीजा यह है कि रोजाना यहां ट्रैफिक जाम लग रहा है, वाहन चालक परेशान हैं और बारिश के मौसम में हालात और भी खराब होने की आशंका जताई जा रही है। सवाल यह है कि आखिर जनता कब तक अधूरे विकास कार्यों का खामियाजा भुगतती रहेगी?
बुरहानपुर शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल गणपति थाना से शनवारा तक का मार्ग इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। ट्रक चालक विजय, हारून, एवं कार चालक का कहना है,नगर निगम द्वारा यहां डिवाइडर निर्माण का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन छह महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद यह काम पूरा नहीं हो सका।
अधूरे निर्माण कार्य के चलते सड़क संकरी हो गई है और दिनभर वाहन चालकों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। कई बार छोटे-छोटे विवाद की स्थिति भी बन जाती है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल वाहनों, ऑटो चालकों और व्यापारिक वाहनों को उठानी पड़ रही है।
बारिश ने भी दस्तक दे दी है, लेकिन निर्माण कार्य अभी तक अधूरा पड़ा हुआ है। जगह-जगह निर्माण सामग्री और खोदे गए हिस्से लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं।
स्थानीय नागरिक सलमान ऑटो चालक, एवं हन्नू ड्राइवर का कहना है कि विकास कार्यों का विरोध नहीं है, लेकिन यदि कार्य समय पर पूरे नहीं हों तो उसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है।
ऑटो चालकों और व्यापारियों का कहना है कि रोजाना घंटों जाम में फंसना उनकी मजबूरी बन गया है। बड़े वाहनों का निकलना दूभर हो जाता है, जिससे यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है।
वहीं जब इस मामले में नगर निगम कमिश्नर संदीप श्रीवास्तव से सवाल किया गया तो निगम अधिकारियों ने तकनीकी कारणों का हवाला दिया। नगर निगम का कहना है कि मार्ग पर पोल शिफ्टिंग और बिजली से जुड़े कार्य शेष हैं, जिनके पूर्ण होने के बाद डिवाइडर निर्माण का कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।
हालांकि शहरवासियों का सवाल है कि यदि कार्य शुरू किया गया था तो उसकी पूर्व तैयारी क्यों नहीं की गई और आखिर छह महीने बाद भी निर्माण कार्य अधूरा क्यों है।
शहर के प्रमुख मार्ग पर अधूरा निर्माण कार्य अब जनसुविधा की बजाय जनपरेशानी का कारण बनता जा रहा है। रोजाना लगने वाले जाम से लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। अब देखना होगा कि नगर निगम इस महत्वपूर्ण मार्ग का निर्माण कार्य कब तक पूरा कर जनता को राहत दिलाता है।
