Congress Protest Escalates Outside Vishrampur Police Station, Top Leaders Share Stage
सूरजपुर: जिले के विश्रामपुर थाना के सामने कांग्रेस का धरना प्रदर्शन अब उग्र रूप लेता जा रहा है। बीते तीन दिनों से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव समेत कई कांग्रेसी नेता थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं। वहीं आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी धरना स्थल पहुंचे, जहां कांग्रेस के तीन बड़े चेहरे दीपक बैज, भूपेश बघेल और टी एस सिंहदेव एक मंच पर नजर आए।
दरअसल शिवनंदनपुर नगर पंचायत में पहली बार चुनाव होने जा रहा है, जिसे लेकर क्षेत्र की राजनीति काफी गर्म हो चुकी है। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद की स्थिति बनी थी। भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी की शिकायत पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ विश्रामपुर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। कांग्रेस का आरोप है कि शासन के दबाव में बिना निष्पक्ष जांच के एफआईआर दर्ज की गई है।
इसी के विरोध में कांग्रेस लगातार धरना प्रदर्शन कर रही है। धरना स्थल पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव ने आज से आमरण अनशन की चेतावनी दी, वहीं प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने क्रमिक भूख हड़ताल पर जाने का ऐलान किया।
धरना प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंच से पुलिस प्रशासन को कड़े लहजे कहा कि यदि टी एस बाबा आमरण अनशन पर बैठ गए हैं और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भूख हड़ताल पर उतर चुके हैं, तो कांग्रेस कार्यकर्ता भी चूड़ी पहनकर बैठने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इतना समझ लीजिए कि उस थानेदार का नाम कांग्रेस हमेशा याद रखेगी।
भूपेश बघेल ने आगे कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं और हमारी सरकार भी फिर आएगी। इसलिए थानेदार, एसपी और आईजी भी समझ लें कि जब आपके पास जानकारी पहुंची है तो समय रहते सुधार कर लीजिए, अन्यथा इसे याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल फैसला आने वाले चुनाव में शिवनंदनपुर की जनता को करना है और जनता ही इसका जवाब देगी।
फिलहाल विश्रामपुर थाना के सामने जारी इस प्रदर्शन ने जिले की राजनीति को गरमा दिया है और कांग्रेस नेताओं की एकजुटता आने वाले राजनीतिक समीकरणों में बड़े संकेत मानी जा रही है।
