Man Crushed to Death by Car While Parking in Lucknow
लखनऊ: राजधानी के निशातगंज इलाके में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक घर के बाहर टहल रहा था, तभी पड़ोसी ने कार पार्क करते समय उसे टक्कर मार दी। युवक गिर पड़ा और कार का पहिया उसके सीने पर चढ़ गया।
घटना निशातगंज गली नंबर-1 की है। मृतक की पहचान अजाउर रहमान के रूप में हुई है, जो वेल्डिंग का काम करते थे। परिवार के मुताबिक अजाउर शुक्रवार रात खाना खाने के बाद सिगरेट लेने के लिए घर के पास गए थे। लौटते समय वह सड़क पर टहल रहे थे।
इसी दौरान पड़ोसी अनिल कुमार सिंह अपनी ग्रैंड i-10 कार (UP 32 JE 4578) लेकर पहुंचे। आरोप है कि कार पार्क करते समय लापरवाही बरती गई और वाहन ने अजाउर रहमान को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और कार उनके ऊपर चढ़ गई।
हादसे में अजाउर के सीने में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद लोग और परिजन तुरंत उन्हें भाऊराव देवरस अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के बड़े भाई अताउर रहमान खान ने बताया कि अजाउर पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
