जालौन। नगर के मुहल्ला नया रावतान में हाल ही में निर्मित RCC नाली की गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के महज दो महीने बाद ही नाली में कई स्थानों पर दरारें पड़ने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। मुहल्लेवासियों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण नाली समय से पहले ही क्षतिग्रस्त होने लगी है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाली की RCC जगह-जगह से टूटने लगी है और कई हिस्सों में दरारें इतनी गहरी हो गई हैं कि पूरी संरचना के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई और ठेकेदार ने मनमाने तरीके से काम कराया।
मुहल्लेवासियों ने सवाल उठाया कि सरकारी धन खर्च होने के बावजूद यदि निर्माण कार्य कुछ ही महीनों में जवाब दे रहा है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उनका कहना है कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो नाली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे सरकारी धन की बर्बादी के साथ-साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई करेंगे या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा। फिलहाल मुहल्लेवासी कथित अनियमितताओं और सरकारी धन के दुरुपयोग की जांच की मांग को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं।
