एटा। रक्षाबंधन के पर्व पर एटा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मिरहची थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव के समीप हुए सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतक की पहचान गौरव पुत्र गेंदालाल, निवासी जारथर के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि गौरव रक्षाबंधन की शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात उसके सड़क हादसे में मौत की सूचना मिली। परिजनों का कहना है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मिरहची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, थानाध्यक्ष मिरहची के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से टकरा गई थी। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी, एटा
