Lucknow University Professor Arrested Over Leak and Harassment Allegations
लखनऊ: लखनऊ यूनिवर्सिटी के जूलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह को छात्रा से कथित अभद्र बातचीत और पेपर लीक के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी प्रोफेसर पर बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा को फोन कर मिलने का दबाव बनाने और परीक्षा का पेपर देने का लालच देने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि प्रोफेसर ने छात्रा को फोन पर कहा, “डार्लिंग, तुम्हारे लिए पेपर आउट करा दिया है। एग्जाम से पहले घर से आ जाओ, यहां पेपर दे देंगे।” छात्रा ने प्रोफेसर की बातचीत रिकॉर्ड कर ली, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
ऑडियो में आरोपी प्रोफेसर छात्रा को बार-बार मिलने के लिए बुलाता सुनाई दे रहा है, जबकि छात्रा लगातार मना कर रही है। छात्रा ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर पहले भी उसका उत्पीड़न कर चुके हैं और दोबारा परेशान करने की कोशिश कर रहे थे।
मामला सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन हरकत में आया और हजरतगंज थाने में आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने देर रात यूनिवर्सिटी कैंपस से डॉ. परमजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव ने कहा कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है और जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जूलॉजी विभाग की हेड प्रो. अमिता कनौजिया ने कहा कि वायरल ऑडियो उन्होंने भी सुना है और आवाज आरोपी प्रोफेसर की लग रही है।
जानकारी के मुताबिक डॉ. परमजीत सिंह पिछले चार साल से लखनऊ यूनिवर्सिटी में तैनात हैं। वह मूल रूप से बिजनौर के रहने वाले हैं और परिवार के साथ लखनऊ में रहते हैं।
