Storm Havoc in Kusmunda: Massive Tree Falls on Three Houses, Families Escape Narrowly
Kusmunda में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने जमकर तबाही मचाई। वार्ड नंबर 20 नेहरू नगर पालिका बांकी इलाके में एक विशाल बरगद और पीपल का पेड़ अचानक तीन मकानों पर गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय घरों के अंदर परिवार के सदस्य और बच्चे मौजूद थे। पेड़ गिरते ही लोगों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन गनीमत रही कि सभी लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए और बड़ा हादसा टल गया।
इस हादसे में जोहन पटेल, नारायण कुमार और जानकी धीवर के मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। घरों के अंदर रखा टीवी, फ्रिज, आलमारी, वाशिंग मशीन, बेड, सिलाई मशीन सहित खाद्य सामग्री और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
मकान मालिक जोहन पटेल ने बताया कि उनका परिवार पिछले 40 वर्षों से इस मकान में रह रहा था, लेकिन उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इतनी तेज आंधी में इतना बड़ा पेड़ घर पर गिर जाएगा।
वहीं जानकी धीवर ने बताया कि तेज तूफान और बारिश के दौरान पूरा परिवार घर के अंदर था। अचानक जोरदार आवाज के साथ पेड़ गिर पड़ा। उन्होंने कहा कि किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई, लेकिन घर का लगभग सारा सामान बर्बाद हो गया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग प्रशासन से नुकसान का आकलन कर राहत सहायता देने की मांग कर रहे हैं।
