Uproar in Surajpur Over Worker’s Death
छत्तीसगढ़: के Surajpur जिले में मजदूर की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है। मामला झिलमिली थाना क्षेत्र के केनापारा गांव का है, जहां दो महीने पहले मजदूरी के लिए ओडिशा गए युवक सनीश कुमार की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सनीश कुमार मजदूरी करने उड़ीसा के भुनेश्वरपुर गया था, जहां एक सप्ताह पहले तालाब में नहाने के दौरान उसकी मौत हो गई। जब शव गांव पहुंचा, तो परिजनों ने मौत पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की। उनका कहना है कि मृतक के कान से खून निकल रहा था, जो सामान्य डूबने की घटना में संभव नहीं है।
इस घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि विभाग की उदासीनता के कारण मजदूरों को दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है और उनकी सुरक्षा तथा पंजीकरण को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई मजदूर काम के लिए बाहर जाते हैं, लेकिन या तो लंबे समय तक वापस नहीं लौटते या फिर उनकी लाश ही घर पहुंचती है। इसके बावजूद विभाग के पास यह तक रिकॉर्ड नहीं है कि कौन मजदूर कहां काम कर रहा है और उसका पंजीकरण हुआ है या नहीं।
वहीं, जब इस मामले में श्रम अधिकारी से जवाब मांगा गया, तो उन्होंने तीन दिन बाद बयान देने की बात कही, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। इस पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या मजदूरों की मौत जैसे गंभीर मामलों में भी विभाग तत्काल प्रतिक्रिया देने को तैयार नहीं है।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अब देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन क्या कदम उठाता है और क्या मजदूरों की सुरक्षा व निगरानी को लेकर कोई ठोस व्यवस्था बनाई जाती है।
