Cunning Thief Who Escaped by Unlocking Handcuffs Arrested by Panna Police
मध्य प्रदेश: के पन्ना जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला जेल के सामने से हथकड़ी खोलकर फरार हुए शातिर चोर को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पहाड़ीखेरा चौकी पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी वीरू उर्फ वीरेंद्र चौबे को दबोच लिया।
जानकारी के मुताबिक, 36 वर्षीय वीरू उर्फ वीरेंद्र चौबे, जो ग्राम फुलवारी (थाना देवेंद्रनगर) का निवासी है, चोरी के सात मामलों में पहले से आरोपी रहा है। 11 अप्रैल की शाम शाहनगर थाना पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर ले जा रही थी, तभी उसने फिल्मी अंदाज में अपनी हथकड़ी खोल ली और चलती गाड़ी से कूदकर फरार हो गया था। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था और उसकी तलाश के लिए जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 13 अप्रैल की रात पहाड़ीखेरा चौकी प्रभारी पूर्णानंद मिश्रा को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति गौतम ढाबा के पास बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए भेष बदलकर मौके पर पहुंचने की योजना बनाई।
चौकी प्रभारी पूर्णानंद मिश्रा और आरक्षक कृष्णकांत चौरसिया आम लोगों की तरह भेष बदलकर ढाबे के पास पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पहले से तैयार पुलिस टीम ने उसे घेरकर रात करीब 9 बजे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद बृजपुर थाना प्रभारी शक्तिप्रकाश पांडे को सूचना दी गई। फिलहाल शाहनगर थाना प्रभारी परशुराम डाबर और प्रधान आरक्षक रामपाल बागरी पहाड़ीखेरा चौकी पहुंचकर आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रहे हैं।
इस पूरी कार्रवाई ने पन्ना पुलिस की सतर्कता और रणनीति को एक बार फिर साबित कर दिया है, जिसने फरार आरोपी को कुछ ही दिनों में पकड़कर बड़ी कामयाबी हासिल की है।
