Worker Electrocuted at Construction Site, Falls to Death; Safety Negligence Exposed
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के काशी नगर बुधवारी इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे एक युवक की करंट लगने और छत से गिरने के कारण मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, काम के दौरान युवक 11 केवी बिजली के तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने के बाद वह संतुलन खो बैठा और छत से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान दादर बस्ती निवासी 28 वर्षीय टीका राम यादव के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर किसी भी तरह के सुरक्षा उपाय नहीं किए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, निर्माण कार्य का ठेका सानी यादव नामक व्यक्ति के पास था, जो पंकज देवांगन के मकान का निर्माण करवा रहा था। लेकिन मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही बरती गई।
घटना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने ठेकेदार से मुआवजे की मांग की। बताया जा रहा है कि उचित मुआवजा दिए जाने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
इस घटना ने एक बार फिर निर्माण कार्यों में श्रम कानूनों के उल्लंघन को उजागर कर दिया है। बिना सुरक्षा उपकरणों के मजदूरों से काम करवाना और नियमों की अनदेखी करना आम बात बनती जा रही है, जबकि संबंधित विभाग केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित नजर आ रहे हैं।
