Major Breakthrough for Panna Police: Cunning Thief Who Escaped After Removing Handcuffs Arrested
पुलिस की आंखों में धूल झोंककर जिला जेल के सामने से फरार हुए शातिर चोर को पकड़ने में पन्ना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पहाड़ीखेरा चौकी पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी वीरू उर्फ वीरेंद्र चौबे को गिरफ्तार कर लिया है।
फिल्मी अंदाज में हुआ था फरार
बता दें कि आरोपी वीरू उर्फ वीरेंद्र चौबे (36 वर्ष), निवासी ग्राम फुलवारी (थाना देवेंद्रनगर), चोरी के सात मामलों में आरोपी है। 11 अप्रैल की शाम जब शाहनगर थाना पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर जा रही थी, तभी जिला जेल के सामने उसने शातिर तरीके से अपनी हथकड़ी खोल ली और चलते वाहन से कूदकर फरार हो गया था। इस घटना के बाद से ही पुलिस महकमे में हड़कंप मचा था और जिले भर की पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
मुखबिर की सूचना पर भेष बदलकर पहुंची पुलिस
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया था। 13 अप्रैल की रात पहाड़ीखेरा चौकी प्रभारी पूर्णानंद मिश्रा को सूचना मिली कि पहाड़ीखेरा से करीब 2 किलोमीटर दूर स्थित गौतम ढाबा पर एक संदिग्ध व्यक्ति बैठा है। चौकी प्रभारी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आरक्षक कृष्णकांत चौरसिया के साथ अपना भेष बदला और ढाबे के पास पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने उसे रात करीब 9 बजे दबोच लिया।
आगे की कार्रवाई जारी
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बृजपुर थाना प्रभारी शक्तिप्रकाश पांडे को सूचित किया गया। वर्तमान में शाहनगर थाना प्रभारी परशुराम डाबर और प्रधान आरक्षक रामपाल बागरी पहाड़ीखेरा चौकी पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध आगामी वैधानिक कार्रवाई कर रहे हैं।
